स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चमोली जनपद देशभक्ति के रंग में रंग गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने माणा से बदरीनाथ धाम तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसने स्थानीय लोगों में देशभक्ति और गर्व की भावना को और प्रबल कर दिया।
देश के अंतिम गांव माणा से प्रारंभ हुई यह यात्रा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर प्रांगण तक पहुंचने पर तीर्थयात्रियों ने भी इस यात्रा में सहभागिता कर देशप्रेम का परिचय दिया।

रंगोली के जरिए महिलाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर की ओर से नगर क्षेत्र में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 19 महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 19 विभिन्न स्थानों पर रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी एमएस रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद द्वारा बुनकर सेवा केंद्र चमोली के सहयोग से गोपेश्वर बस स्टैंड में हैंडलूम मशीनों का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान महिलाओं ने हस्तशिल्प से आकर्षक तिरंगा बनाकर अपनी कला और राष्ट्रीय भावना का प्रदर्शन किया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद में न केवल आजादी का पर्व गरिमामय तरीके से मनाया जा रहा है, बल्कि स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक हस्तकला को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।